मार्गदर्शिका से आमजन की राह होगी आसान आमजन को मिलेगी नगर निगम से जुड़े कामों की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने किया 11 प्रकार की मार्गदर्शिकाओं का विमोचन

11

जयपुर, 17 अक्टूबर। अगर आप नगर निगम में विवाह पंजीयन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति आदि कामों के लिये आवेदन करने आने वाले है तो निगम द्वारा प्रकाशित मार्गदर्शिका आपके लिये मार्गदर्शक का काम करेगी। जिसमें आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक शपथ पत्र का प्रारूप एवं आवेदन पत्र संलग्न होगे। नगर निगम द्वारा आमजन से जुड़ी विभिन्न प्रकार की योजनाओं एवं उनका लाभ उठाने की प्रक्रिया तथा उसके लिये आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने वाली 11 प्रकार की मार्गदर्शिकायें प्रकाशित करवाई गई है। 

बुधवार को स्वायत्त शासन मंत्री श्री शांति धारीवाल, कृषि एवं पशु पालन मंत्री श्री लालचन्द कटारिया, मुख्य सचेतक श्री महेश जोशी, महापौर श्री विष्णु लाटा, आयुक्त श्री विजयपाल सिंह ने इन मार्गदर्शिकाओं का विमोचन किया। इस दौरान नगर निगम की विभिन्न समितियों के चैयरमेन भी मौजूद रहे। विमोचन के बाद आयोजित कार्यक्रम में स्वायत्त शासन मंत्री श्री शांति धारीवाल ने कहा कि इन मार्गदर्शिकाओं से आमजन को नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी मिलेगी और उनको निगम से जुड़े कार्यो का लाभ उठाने में साहुलियत मिलेगी। उन्होंने इस नवाचार के लिये महापौर एवं इस कार्य से सम्बन्धित निगम के अधिकारियों को बधाई दी।

ये है 11 प्रकार की मार्गदर्शिकायेंः-

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, थड़ी-ठेले/ जब्त सामान/ जब्त आवारा पशु छुड़वाने, विवाह स्थल पंजीयन /मीट शॉप लाईन्सेस, डेयरी बूथ आंवटन/गृहकर व नगरीय विकास कर स्वनिर्धारण/सामुदायिक केन्द्र किराये पर लेने, दीनदयाल अन्त्योदय योजना/राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन/मृतक आश्रित की नियुक्ति, भवन निर्माण मानचित्र स्वीकृति, सूचना का अधिकार एवं राजस्थान लोकसेवाओं के प्रदान की गांरटी अधिनियम 2011 के लाभ की प्रक्रिया एवं आवेदन पत्र इन मार्गदर्शिकाओं में संलग्न है।

आमजन का करेगी मार्गदर्शन ः-

नगर निगम से जुड़े लगभग सभी कार्यो की मार्गदर्शिकायें प्रकाशित की गई है। सम्बन्धित काम की मार्गदर्शिका में उस कार्य की प्रक्रिया, उसके आवेदन पत्र एवं उसके लिये आवश्यक शपथ पत्र एवं अन्य दस्तावेजों की जानकारी दी गई है। इसके अतिरिक्त मार्गदर्शिका पर निगम से सम्बन्धित महत्वपूर्ण फोन नम्बर एवं पते दर्ज किये गये है। मार्गदर्शिका के आकर्षक कवर पर आम नागरिकों से जयपुर शहर को स्वच्छ बनाने की अपील की गई है। 

निगम मुख्यालय एवं जोन कार्यालयों पर मिलेगीः-

यदि आप इन विषयों से सम्बन्धित किसी कार्य के लिये आवेदन करने के लिये सिटीजन हैल्पलाइन जाते है तो आपको उक्त कार्य से सम्बन्धित मार्गदर्शिका प्रदान की जायेगी। ये मार्गदशिरकायें निगम मुख्यालय एवं जोन कार्यालयों पर उपलब्ध रहेगी।